टेक्नोलॉजी, ट्रेड और ट्रेडिशन का संगम : भारत-कोरिया ने मजबूत किए रिश्ते

  • Post By Admin on Apr 21 2026
टेक्नोलॉजी, ट्रेड और ट्रेडिशन का संगम : भारत-कोरिया ने मजबूत किए रिश्ते

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ एक अहम द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया और कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। पीएम मोदी ने इस भरोसेमंद रिश्ते को भविष्य की मजबूत साझेदारी में बदलने का संकल्प लिया।

2030 तक 50 बिलियन डॉलर का होगा व्यापार

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि भारत और दक्षिण कोरिया का मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार 27 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। दोनों देशों ने इसे साल 2030 तक 50 बिलियन डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। वित्तीय लेनदेन को सुगम बनाने के लिए ‘भारत-कोरिया फाइनेंशियल फोरम’ और सहयोग को बल देने के लिए ‘इंडस्ट्रियल कॉपरेशन कमेटी’ का गठन किया गया है। साथ ही, कोरियाई कंपनियों की भारत में एंट्री को आसान बनाने के लिए ‘कोरियन इंडस्ट्रियल टाउनशिप’ स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

टेक्नोलॉजी और एआई में बनेगी नई साझेदारी

डिजिटल और तकनीकी विकास को रफ्तार देने के लिए दोनों देशों के बीच ‘इंडिया-कोरिया डिजिटल ब्रिज’ लॉन्च किया जा रहा है। इसका मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और आईटी सेक्टर में साझेदारी को और गहरा करना है। क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाने के लिए इकोनॉमिक सिक्योरिटी डायलॉग की भी शुरुआत की गई है। इसके अलावा, जहाज निर्माण, इस्पात और सस्टेनिबिलिटी जैसे अहम क्षेत्रों में भी समझौते किए जा रहे हैं।

2028 में मनेगा फ्रेंडशिप फेस्टिवल, अयोध्या से जुड़ा है रिश्ता

पीएम मोदी ने दोनों देशों के हजारों वर्ष पुराने सांस्कृतिक संबंधों को याद करते हुए 2000 साल पुरानी अयोध्या की राजकुमारी सूरी रत्ना और कोरिया के राजा किम सूरो की साझा विरासत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भारत में के-पॉप और के-ड्रामा की धूम है, तो कोरिया में भारतीय सिनेमा को पसंद किया जा रहा है। खुद राष्ट्रपति ली भी भारतीय सिनेमा के प्रशंसक हैं। इस कल्चरल कनेक्ट को और अधिक मजबूत बनाने के लिए साल 2028 में ‘भारत-कोरिया फ्रेंडशिप फेस्टिवल’ का आयोजन किया जाएगा।