5 साल के रुद्रांश ने 1455 पौधे लगाकर बनाया रिकॉर्ड, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया सम्मानित
- Post By Admin on Jul 14 2026
नई दिल्ली : पर्यावरण संरक्षण के प्रति अद्भुत समर्पण का परिचय देते हुए महज 5 वर्ष 2 माह के रुद्रांश उपाध्याय ने 1455 पौधे लगाकर नई मिसाल कायम की है। उनके इस उल्लेखनीय योगदान के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में आयोजित 'वृक्ष मित्र' कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया।
वाराणसी मूल निवासी रुद्रांश उपाध्याय वर्तमान में अपने पिता ज्ञानेंद्र उपाध्याय के साथ पंचकूला स्थित भारतीय सेना की पश्चिमी कमान में रहते हैं। वे अपने अभियान 'रुद्रांश ग्रीन मिशन (आरजीएम)' के माध्यम से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान रुद्रांश ने केंद्रीय मंत्री के साथ पौधारोपण भी किया। उन्होंने बताया कि अब तक लगाए गए 1455 पौधों में से 1427 पौधे सुरक्षित हैं और लगातार विकसित हो रहे हैं। अधिकांश पौधे पंचकूला, चंडीगढ़ और चंडीमंदिर कैंट क्षेत्र में लगाए गए हैं। रुद्रांश हर रविवार कम से कम सात पौधे लगाने का संकल्प निभाते हैं और उनकी नियमित देखभाल भी करते हैं। रुद्रांश ने अपने पौधारोपण अभियान का डिजिटल रिकॉर्ड भी प्रस्तुत किया, जिसमें प्रत्येक पौधे की प्रजाति, स्थान और वर्तमान स्थिति का पूरा विवरण दर्ज था। उनके कार्यों से प्रभावित होकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें मंच पर सम्मानित किया और प्रोत्साहन स्वरूप एक पौधा तथा 10 हजार रुपए की राशि प्रदान की।
कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) सहित देशभर के कृषि वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने कहा कि इतनी कम उम्र में रुद्रांश का पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायक है। रुद्रांश उपाध्याय की उपलब्धि यह संदेश देती है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए उम्र नहीं, बल्कि मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास महत्वपूर्ण होते हैं। उनका अभियान आज देशभर के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।