राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में मुजफ्फरपुर के स्वराज का स्वर्णिम प्रदर्शन, दो गोल्ड पर साधा निशाना
- Post By Admin on Jul 14 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार के युवा निशानेबाज़ स्वराज भारद्वाज ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 7वीं बुल्सआई ओपन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में दो स्वर्ण पदक जीतकर मुज़फ्फरपुर और पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। देहरादून (उत्तराखंड) के त्रिशूल शूटिंग रेंज में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 13 जुलाई को किया गया।
स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के प्रतिभाशाली खिलाड़ी स्वराज भारद्वाज ने 10 मीटर एयर राइफल आईएसएसएफ जूनियर पुरुष वर्ग और 10 मीटर एयर राइफल आईएसएसएफ सब-यूथ पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच उन्होंने बेहतरीन तकनीकी कौशल, एकाग्रता और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
अकादमी ने इस उपलब्धि को खिलाड़ी के कठिन परिश्रम, अनुशासित अभ्यास और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम बताया। साथ ही कहा कि यह सफलता संस्था की गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। स्वराज की इस उपलब्धि का श्रेय अकादमी के मुख्य कोच एवं प्रशिक्षक अमित घंसेला को भी दिया गया। उनके मार्गदर्शन, तकनीकी प्रशिक्षण और निरंतर प्रेरणा से अकादमी के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस उपलब्धि पर अकादमी के सदस्य उज्ज्वल कुमार, चंदा कुमारी, ऋषु आर्या, अमर सिंह, रंजन कुमार, धीरेंद्र भारद्वाज, अरिंजय राज सिंह, सूरज कुमार और अनिरुद्ध सिंह ने स्वराज भारद्वाज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वराज आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।