हेरिटेज वॉक के साथ लखीसराय में विश्व विरासत सप्ताह का भव्य शुभारंभ
- Post By Admin on Nov 19 2025
लखीसराय : लखीसराय में विश्व विरासत सप्ताह का शुभारंभ बुधवार को एक भव्य हेरिटेज वॉक के साथ किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।
हेरिटेज वॉक का नेतृत्व जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने किया। उनके साथ डीडीसी सुमित कुमार, डीईओ यदुवंश राम, विभिन्न प्रखंडों के शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ शामिल हुए। वॉक का समन्वयन विश्व धरोहर सप्ताह के नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा द्वारा किया गया।
वॉक की शुरुआत उच्च विद्यालय बड़हिया परिसर से हुई, जो श्रीकृष्ण चौक, मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर, हाहा बंगला, तिलक मैदान, जगदम्बा हिंदी पुस्तकालय, प्राचीन ऐतिहासिक स्थल और मथुरा प्रसाद नवीन चौक जैसे महत्वपूर्ण धरोहर स्थलों से होते हुए लोहिया चौक पर समाप्त हुई।
पूरे मार्ग में छात्र-छात्राओं की बैंड टीम ने माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा। बैंड संचालन विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका डॉ. किरण कुमारी और संगीत शिक्षक नरेश कुमार ने किया।
लोहिया चौक पहुंचने पर जिलाधिकारी एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह, मगही साहित्यकार मथुरा प्रसाद नवीन एवं समाजवादी नेता डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने कहा कि “बड़हिया क्षेत्र ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों से अत्यंत समृद्ध रहा है। आज़ादी से पहले भी यह क्षेत्र शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। धरोहर संरक्षण केवल प्रशासन नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी बताया कि लखीसराय में बिहार का दूसरा सबसे बड़ा संग्रहालय स्थित है, जहाँ प्राचीन मूर्तियों एवं कलाकृतियों का महत्वपूर्ण संग्रह सुरक्षित है।
हेरिटेज वॉक के क्रम में जिलाधिकारी ने हाहा बंगला तथा सरस्वती भूषण संस्कृत उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में शिक्षक नेता मनोज कुमार पांडेय, डॉ. रामप्रवेश सिंह, राहुल कुमार, विपिन कुमार सिंह, महेश सिंह, पूर्व पार्षद अमित कुमार, शशिकांत मिश्रा, प्रभाकर कुमार, प्रेम कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में उत्साह और गर्व की भावना देखने को मिली। हेरिटेज वॉक के माध्यम से विरासत संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुँचाया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।