पश्चिम गोदावरी : आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के पेंडागांडी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला को अपने निर्माणाधीन घर के लिए ऑर्डर किए गए इलेक्ट्रिकल सामान की जगह पार्सल में एक सिर कटी लाश और धमकी भरी चिट्ठी मिली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
दरअसल सगी तुलसी नाम की महिला ने अपने घर के निर्माण के लिए इलेक्ट्रिकल सामग्री मंगवाई थी। जब उन्होंने पार्सल खोला तो उसमें लगभग 45 साल के व्यक्ति का सिर कटा धड़ और एक धमकी भरी चिट्ठी मिली। चिट्ठी में 1 करोड़ 30 लाख रुपये की मांग की गई थी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
इस घटना से घबराई महिला और उसके परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पश्चिम गोदावरी जिले के एसपी नईम अस्मी ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया ।
पुलिस ने बताया कि पार्सल में मिले शव का धड़ लगभग 45 साल के व्यक्ति का है। मृतक की पहचान और इस सनसनीखेज घटना के पीछे के दोषियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने घटना को लेकर आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


















