भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के स्वागत की जोरदार तैयारियाँ

  • Post By Admin on Nov 26 2025
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के स्वागत की जोरदार तैयारियाँ

लखीसराय : बिहार के उपमुख्यमंत्री माननीय श्री विजय कुमार सिन्हा के गृह जिले लखीसराय आगमन को लेकर पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल है। पुनः उपमुख्यमंत्री पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जिले में उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जिला भर में स्वागत तैयारियाँ तेज़ी से पूरी की जा रही हैं।

28 नवंबर को भव्य नगर भ्रमण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माननीय उपमुख्यमंत्री 28 नवंबर की सुबह लखीसराय पहुंचेंगे। वे सबसे पहले माँ बाला त्रिपुर सुन्दरी शक्तिधाम (बड़हिया) में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे एक खुली जीप में सवार होकर बड़हिया से जिला समाहरणालय, लखीसराय तक भव्य नगर भ्रमण करेंगे, जहाँ मार्गभर समर्थक और आमजन उनका स्वागत करेंगे।

शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर आकर्षक सजावट, तोरण द्वार, स्वागत मंच, पुष्पवर्षा, गाजे-बाजे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियाँ जारी हैं। महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक भागीदारी से शहर में चारों ओर उत्सवी वातावरण छाया हुआ है।

भाजपा नेताओं ने व्यक्त किया उत्साह
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिंह ने कहा कि यह लखीसराय जिले के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि जनता के स्नेह, विश्वास और उत्साह से स्पष्ट है कि उपमुख्यमंत्री जी के प्रति लोगों के मन में अपार सम्मान है और जिला उनके ऐतिहासिक स्वागत को तैयार है।

भाजपा मीडिया प्रमुख अजय कुशवाहा ने बताया कि जिले भर में अभूतपूर्व ऊर्जा देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि माननीय उपमुख्यमंत्री की लखीसराय से गहरी जुड़ाव की भावना है, इसलिए जनता का प्रेम स्वाभाविक और उत्साहपूर्ण है। उन्होंने यह भी बताया कि जिलाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिंह और जिला महामंत्री श्री सनोज साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तैयारी में पूरी तत्परता और समर्पण दिखाया है।

29 नवंबर को रामगढ़ व हलसी प्रखंड का दौरा
नगर भ्रमण के अगले दिन, यानी 29 नवंबर को उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा रामगढ़ और हलसी प्रखंड का दौरा करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मिलकर क्षेत्र के विकास, योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।