बिहार विधान परिषद तिरहुत स्नातक उपचुनाव में वंशीधर ब्रजवासी को मिली विजय, प्राप्त किए 27744 मत
- Post By Admin on Dec 11 2024

मुजफ्फरपुर : बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक उपचुनाव 2024 की मतगणना पूरी हो गई और निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी को शानदार जीत मिली। उन्हें कुल 27,744 मत प्राप्त हुए। जिसके बाद उन्हें विजयी घोषित किया गया। निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल मुजफ्फरपुर सरवणन एम. ने वंशीधर ब्रजवासी को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर तिरहुत स्नातक उपचुनाव के प्रेक्षक और सचिव, ग्रामीण विकास विभाग एवं पर्यटन विभाग लोकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर सुब्रत कुमार सेन, जिलाधिकारी सीतामढ़ी रिची पांडेय, जिलाधिकारी शिवहर विवेक रंजन मैत्रेय, नगर आयुक्त मुजफ्फरपुर विक्रम वीरकर, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, आयुक्त के सचिव अब्दुल हामिद, आरटीए सेक्रेटरी सुरेन्द्र प्रसाद, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तिरहुत आर. निलय, एसडीओ पश्चिमी श्रेयाश्री, एसडीओ पूर्वी अमित कुमार, एसडीओ महुआ किसलय कुशवाहा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने मतगणना केंद्र का दौरा किया और यह सुनिश्चित किया कि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार संपन्न हो रही हैं। वंशीधर ब्रजवासी की इस शानदार जीत को लेकर उनके समर्थकों में भारी उत्साह था और उन्होंने जीत की खुशी में जश्न मनाया। उनकी जीत से तिरहुत स्नातक क्षेत्र के मतदाताओं के बीच मजबूत राजनीतिक संदेश गया है।