मंईयां सम्मान योजना की चौथी किश्त खातों में आयी, हेमंत सोरेन ने X पर किया पोस्ट
- Post By Admin on Nov 12 2024

राँची : मुख्यमंत्री और झामुमो के बरहेट प्रत्याशी हेमंत सोरेन ने अपने X अकाउंट पर मंईयां सम्मान योजना की चौथी किश्त के खातों में आने की जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि, "सभी बहनों के खातों में मंईयां सम्मान की चौथी किश्त भेज दी गई है।" उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उन्हें धन्यवाद दिया, क्योंकि मंईयां सम्मान योजना से उन्हें महाजनों से कर्ज लेने से मुक्ति मिली है।
हेमंत सोरेन ने आगे लिखा कि झारखंड सरकार ने 30 लाख महिलाओं को 11 हजार करोड़ का क्रेडिट लिंकेज, 53 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना से जोड़ने और 9 लाख बेटियों को किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने यह भी बताया कि वृद्धा और विधवा पेंशन योजना में महिलाओं के लिए सुविधाओं में वृद्धि की गई है। सोरेन ने भाजपा और उनकी एजेंसियों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को चुनाव कार्य से दूर नहीं किया जा सकता और वे अपने हक के लिए हमेशा खड़ी रहेंगी।