सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने नालंदा विश्वविद्यालय का किया शैक्षणिक भ्रमण

  • Post By Admin on Dec 30 2024
सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने नालंदा विश्वविद्यालय का किया शैक्षणिक भ्रमण

मुजफ्फरपुर : जिले के सदातपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने शैक्षणिक भ्रमण के दौरान नालंदा विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस भ्रमण में सौ से अधिक छात्रों ने नालंदा विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक भग्नावेष स्थल पर जाकर इसके समृद्ध इतिहास और महत्व को जाना। विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार ने बताया कि छात्रों को नालंदा विश्वविद्यालय के इतिहास से अवगत कराया गया जो प्राचीन काल में उच्च शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण और प्रमुख केंद्र था।

नालंदा विश्वविद्यालय में विभिन्न धर्मों और देशों के छात्र शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते थे। यह स्थान न केवल भारत, बल्कि विश्वभर में शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में प्रसिद्ध था। छात्रों को इसके प्राचीन शैक्षणिक संरचनाओं और उनके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। नालंदा विश्वविद्यालय के भ्रमण के दौरान छात्रों ने अन्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भी दौरा किया। जिनमें विश्व शांति स्तूप, पावापुरी जल मंदिर, वेणुवन, गर्म जलधारा कुंड और ब्रह्म कुंड शामिल थे। इन स्थलों ने छात्रों को भारतीय संस्कृति और इतिहास को और अधिक जानने का अवसर प्रदान किया। शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के सभी शिक्षक और कर्मचारी भी साथ में थे। जिन्होंने छात्रों को यात्रा के दौरान मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर शिक्षक रविंद्र कुमार राय, अजीत कुमार, रवि रंजन, चंचल कुमार, धनंजय कुमार, प्रदीप कुमार, प्रियांशु कुमार, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, आदित्य कुमार झा, प्रेम प्रकाश, राहुल तिवारी, श्वेता कुमारी, सोनी बाला कुमारी, सावित्री कुमारी, राधा कुमारी और कर्मचारी रितेश कुमार, अमृत कुमार, पंकज कुमार, संजय पटेल, सज्जन कुमार पांडे, तारकेश्वर कुमार, मनोज कुमार, दिनेश कुमार और अनिल कुमार मौजूद थे। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को भारतीय प्राचीन शिक्षा और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराना था। नालंदा विश्वविद्यालय का दौरा छात्रों को न केवल शिक्षा के महत्व को समझने में मदद करेगा, बल्कि भारतीय इतिहास और संस्कृति के प्रति उनके ज्ञान को भी बढ़ाएगा।