बिहार राजस्व विभाग में हलचल, पांच राजस्व अधिकारियों की सेवा समाप्त
- Post By Admin on Mar 11 2026
पटना : बिहार में राजस्व कर्मचारी और अंचलाधिकारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिससे विभागीय कार्यों पर असर पड़ रहा है। इसी बीच राज्य सरकार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए बिहार राजस्व सेवा के पांच अधिकारियों के त्यागपत्र को स्वीकार कर लिया है। इस फैसले के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को इन अधिकारियों के त्यागपत्र को मंजूरी दी। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय संबंधित जिलाधिकारियों की अनुशंसा के आधार पर लिया गया है। स्वीकृत त्यागपत्रों में तीन महिला और दो पुरुष अधिकारी शामिल हैं।
स्वीकृत त्यागपत्रों में वैशाली जिले के गोरौल अंचल के तत्कालीन अंचलाधिकारी अंशु कुमार का त्यागपत्र 19 दिसंबर 2025 से प्रभावी माना गया है। वहीं रोहतास जिले के बिक्रमगंज में पदस्थापित राजस्व अधिकारी राजन कुमार का त्यागपत्र 26 जून 2025 से प्रभावी किया गया है।
महिला अधिकारियों में सारण जिले के परसा की राजस्व अधिकारी शिवांगी पांडेय का त्यागपत्र 7 मई 2025 से प्रभावी माना गया है। रोहतास जिले के राजपुर की तत्कालीन अंचलाधिकारी अंकिता वर्मा का त्यागपत्र 27 अगस्त 2024 से प्रभावी किया गया है। इसके अलावा हाजीपुर सदर की राजस्व अधिकारी स्मृति कुमारी का त्यागपत्र 20 अगस्त 2025 से प्रभावी मानते हुए स्वीकार किया गया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार संबंधित जिलाधिकारियों की अनुशंसा और सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद यह निर्णय लिया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी कर दिया है। सरकार के इस फैसले के बाद संबंधित अधिकारियों की सेवा से त्यागपत्र आधिकारिक रूप से प्रभावी हो गया है।