LS कॉलेज से स्केटिंग एकेडमी की अनूठी तिरंगा यात्रा, बच्चों ने लगाए ‘भारत माता की जय’ के नारे
- Post By Admin on Aug 16 2026
मुजफ्फरपुर: स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर स्केटिंग एकेडमी के बच्चों ने शहर में अनूठी पहल करते हुए स्केटिंग के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर स्केटिंग करते छोटे बच्चों का उत्साह और देशभक्ति देखते ही बन रही थी। बच्चों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ शहर की सड़कों पर स्केटिंग की, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी और सभी ने बच्चों के उत्साह की सराहना की।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत एलएस कॉलेज से हरी झंडी दिखाकर की गई। इसके बाद यात्रा अघोरिया बाजार होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई वापस एलएस कॉलेज पहुंची। इस दौरान बच्चे अनुशासन के साथ स्केटिंग करते हुए आगे बढ़े और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। स्केटिंग एकेडमी के अरविंद कुमार और अंकित कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस के प्रति सम्मान प्रकट करना नहीं था, बल्कि बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करना था। उन्होंने कहा कि खेल और देशभक्ति को एक साथ जोड़कर बच्चों को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया गया। यात्रा के दौरान बच्चों के साथ मौजूद सहयोगी और सिपाहियों ने भी रैली को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में सहयोग किया। यात्रा के समापन के बाद प्रतिभागियों का सम्मान किया गया। बच्चों के साथ रैली में सहयोग करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।
इसके बाद स्केटिंग एकेडमी की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों का उत्साह पूरे कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।