निरहुआ की ‘पटना से पाकिस्तान 2’ का टीजर आउट, देशभक्ति और एक्शन से भरपूर नजर आई फिल्म

  • Post By Admin on Aug 16 2026
निरहुआ की ‘पटना से पाकिस्तान 2’ का टीजर आउट, देशभक्ति और एक्शन से भरपूर नजर आई फिल्म

मुंबई: भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ, चर्चित निर्माता प्रेम राय और निर्देशक अनंजय रघुराज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पटना से पाकिस्तान 2’ का टीजर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी कर दिया गया। टीजर में निरहुआ का एक अलग और दमदार अवतार देखने को मिल रहा है। फिल्म की झलक में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और एक्शन का मिश्रण नजर आ रहा है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म के पहले भाग को मिली सफलता के बाद इसके सीक्वल को बड़े कैनवास और भव्य प्रस्तुति के साथ तैयार किया गया है। फिल्म में निरहुआ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ सेजल साहू, सपना चौहान, मीर सरवर, सुशील सिंह, मनोज टाइगर, संजय पांडेय, अमित शुक्ला, साहिल सिद्दीकी, विकास मेहता, भूपेंद्र सिंह, शंभू राणा और धामा वर्मा सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की बड़ी स्टारकास्ट और टीजर में दिखाई गई कहानी की झलक ने भोजपुरी दर्शकों के बीच चर्चा तेज कर दी है। निर्माताओं के मुताबिक फिल्म को मनोरंजन के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

निरहुआ ने कहा कि ‘पटना से पाकिस्तान 2’ उनके लिए बेहद खास फिल्म है। उन्होंने कहा कि फिल्म में दर्शकों को मनोरंजन के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का जज्बा देखने को मिलेगा। उनके अनुसार फिल्म की कहानी, प्रस्तुति और किरदारों को पहले भाग की तुलना में बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टीजर जारी किए जाने को भी खास अनुभव बताया और उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म को भी पहले भाग की तरह अपना प्यार देंगे। निर्माता प्रेम राय ने कहा कि ‘पटना से पाकिस्तान 2’ को पहले भाग से भी बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। फिल्म की कहानी, तकनीक, एक्शन और प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि दर्शकों को मनोरंजन के साथ देशभक्ति की भावना से जोड़ने वाला सिनेमाई अनुभव मिल सके।

निर्देशक अनंजय रघुराज ने फिल्म को लेकर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह बॉक्स ऑफिस पर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को टीजर रिलीज होने के बाद मिले रिस्पॉन्स से यह संकेत मिला है कि दर्शक फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही फिल्म का ट्रेलर भी जारी किया जाएगा। टीजर रिलीज के बाद भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिल्म की टीम को उम्मीद है कि देशभक्ति, मनोरंजन, एक्शन और दमदार कहानी का संयोजन दर्शकों को पसंद आएगा। फिल्म के पीआरओ रंजन सिन्हा हैं।

‘पटना से पाकिस्तान 2’ का टीजर YouTube पर देखें