सिकंदरपुर गौशाला मार्ग पर 27 अगस्त तक रूट डायवर्ट, सीवरेज पाइप बिछाने का काम शुरू

  • Post By Admin on Aug 20 2026
सिकंदरपुर गौशाला मार्ग पर 27 अगस्त तक रूट डायवर्ट, सीवरेज पाइप बिछाने का काम शुरू

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के क्षेत्र आधारित विकास (ABD) के तहत अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम और एसटीपी निर्माण कार्य को गति दी जा रही है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 13 और 14 स्थित सिकंदरपुर गौशाला, हनुमान मंदिर के समीप सीवरेज पाइप बिछाने का काम शुरू किया गया है।

निर्माण कार्य को देखते हुए 20 अगस्त से 27 अगस्त तक सिकंदरपुर गौशाला मार्ग के एक हिस्से पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में नगर निगम प्रशासन की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। नगर आयुक्त ने संबंधित निर्माण एजेंसी को कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया है। निर्माण के दौरान धूल से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए समय-समय पर पानी का छिड़काव करने को भी कहा गया है। साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

दिन-रात तैनात रहेंगे ट्रैफिक पुलिसकर्मी

रूट डायवर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक डीएसपी और पुलिस उपाधीक्षक से संबंधित स्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया गया है। व्यवस्था के तहत दिन में पांच और रात में पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में डायवर्ट किए गए मार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य के दौरान जाम की स्थिति को कम किया जा सके।

इन रास्तों से जा सकेंगे वाहन

बाइक, ऑटो और चार पहिया वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग के रूप में अखाड़ाघाट रोड से जर्दा फैक्ट्री और काली मंदिर होते हुए सिकंदरपुर चौक तक जा सकेंगे। प्रभावित मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में पहले से लागू यातायात प्रतिबंध और वन-वे व्यवस्था पूर्व की तरह लागू रहेगी। नगर निगम प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य की अवधि में निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।