पटना: बिहार में गर्मी का असर तेज होता जा रहा है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, पछुआ हवा के प्रभाव से राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। अगले 48 घंटों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे लू (हीटवेव) चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पांच जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 अप्रैल तक खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका में तेज गर्मी की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में तापमान 34 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
राज्यभर में लू का असर
अप्रैल से जून के बीच बिहार के दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य हिस्सों में लू के दिन सामान्य से अधिक रहेंगे। पूर्वी बिहार में भी गर्म हवाएं चलेंगी, हालांकि अन्य क्षेत्रों की तुलना में लू के दिन कम हो सकते हैं।
गर्मी से बचाव के उपाय:
पर्याप्त पानी पिएं और डिहाइड्रेशन से बचें।
हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनें।
दोपहर के समय धूप में जाने से बचें।
बाहर निकलते समय छाता, टोपी या सनस्क्रीन का उपयोग करें।




















