विश्व पर्यटन दिवस पर संगोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Sep 27 2025
विश्व पर्यटन दिवस पर संगोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय : विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शनिवार को लखीसराय संग्रहालय के प्रेक्षागृह में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

नोडल पदाधिकारी (पर्यटन) सह वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार ने बिहार सरकार की विभिन्न पर्यटन योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने लखीसराय जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों—अशोकधाम, श्रृंगीऋषि, रामेश्वर धाम, मां जगदंबा मंदिर (बड़हिया), लाली पहाड़ी और जलप्पा स्थान—को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, इन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वीडियो/रील्स प्रतियोगिता, चित्रांकन एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त, लखीसराय जिले और लखीसराय संग्रहालय पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन भी किया गया।

अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी श्री मिश्र ने कहा कि बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से विकसित कर रही है। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा होटल संचालन एवं निर्माण के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे पर्यटन क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो सके।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशांक कुमार, प्रभारी पदाधिकारी (पर्यटन) शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

इसके अलावा शांतिनिकेतन के प्रोफेसर अनिल कुमार, रविराज पटेल, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के सदस्य, होटल संचालक एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी की।