राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2024 का दूसरा दिन, कला और विज्ञान में प्रतिभाओं का प्रदर्शन

  • Post By Admin on Dec 02 2024
राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2024 का दूसरा दिन, कला और विज्ञान में प्रतिभाओं का प्रदर्शन

लखीसराय : राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2024 के दूसरे दिन का आयोजन गांधी मैदान में किया गया। जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दिन का शुभारंभ गांधी मैदान स्थित मुख्य मंच से हुआ और आयोजन चार स्थानों पर संपन्न हुआ।

गांधी मैदान में मुख्य मंच पर समूह गायन की प्रतियोगिता हुई। जबकि खेल भवन के द्वितीय तल के कांफ्रेंस हॉल में हस्तशिल्प, टेक्सटाइल और एग्रो प्रोडक्ट पर आधारित कलाकृतियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। अशोक अकादमी के प्रेक्षागृह में एकल लोक गायन और संग्रहालय प्रेक्षागृह में शास्त्रीय गायन का आयोजन किया गया।

इसके अतिरिक्त, गांधी मैदान में राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने अपने विज्ञान से संबंधित उत्कृष्ट प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। बक्सर जिले के गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से फायर फाइटिंग रोबोट और सुपौल जिले के सुपौल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग के छात्रों ने वूमेन सेफ्टी स्मार्ट शू का प्रदर्शन किया।

विज्ञान प्रदर्शनी में अन्य जिलों जैसे मुजफ्फरपुर, वैशाली, मुंगेर, जमुई, खगड़िया, गोपालगंज और कई अन्य जिलों ने भी अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए।

मुख्य मंच पर समूह लोक गायन प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। समस्तीपुर, औरंगाबाद, अरवल, गया, शेखपुरा, बांका, बक्सर, मधेपुरा, वैशाली, सारण, पूर्णिया, खगड़िया, पटना, जमुई, शिवहर, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, कैमूर, जहानाबाद, कटिहार और अन्य जिलों ने अपनी लोक गायन की प्रस्तुतियां दी।

सम्पूर्ण कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन की पूरी टीम के द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने मंच से कलाकारों को प्रोत्साहित किया, और इस आयोजन को सफल बनाने में उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित अन्य अधिकारियों का सहयोग रहा। बता दे, प्रतियोगिताओं के परिणाम 2 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे और विजेताओं को मोमेंटो, शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।