मनरेगा बचाओ आंदोलन: मुशहरी प्रखंड मुख्यालय पर सैकड़ों मजदूरों का जोरदार प्रदर्शन
- Post By Admin on Feb 10 2026
मुजफ्फरपुर : मनरेगा बचाओ के बैनर तले मंगलवार को मुशहरी प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से आए सैकड़ों मनरेगा मजदूरों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने नरौली चौक से जुलूस निकालते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर धरना दिया और सभा का आयोजन किया।
सभा की अध्यक्षता संजू देवी ने की जबकि संचालन राजकुमार सहनी ने किया। धरना-सभा को भाकपा माले नेता उदय चौधरी, कम्युनिस्ट नेता परशुराम पाठक, कृष्णनंदन झा, संतोष कुमार, सुदामा देवी, संजू देवी तथा लोक कलाकार सुनील कुमार ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार द्वारा बीबी जी रामजी के नाम से कानून लाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के योगदान का अपमान किया जा रहा है और राज्य सरकार पर जिम्मेदारी डालकर मनरेगा को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने मनरेगा को पूर्ववत रखने तथा बीबी जी रामजी कानून को रद्द करने की मांग की।
सभा में मजदूरों ने प्रखंड की सभी पंचायतों में नियमित रूप से काम देने, साल में 200 दिन रोजगार सुनिश्चित करने और प्रतिदिन 700 रुपए मजदूरी तय करने की मांग उठाई। साथ ही मजदूरों ने 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी राष्ट्रीय हड़ताल में शामिल होने का संकल्प भी लिया।
धरना के समापन पर प्रखंड विकास पदाधिकारी की अनुपस्थिति में संबंधित मांगों से जुड़ा ज्ञापन प्रखंड कार्यालय में सौंपा गया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।