लखीसराय : ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत से समृद्ध सत्संडा पहाड़ी को जिला प्रशासन अब पर्यटन विकास के नए केंद्र के रूप में तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रविवार को जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने इस महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल का निरीक्षण किया और पर्यटन संभावनाओं का गहन आकलन किया।

सत्संडा पहाड़ी वर्षों से अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्ता के लिए जानी जाती रही है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के पुरातत्व एवं इतिहास पर वर्षों से शोध कर रहे प्रोफेसर अनिल कुमार ने डीएम को वहां मिले अवशेषों, बौद्ध एवं प्राचीन भारतीय संस्कृति से इसके संबंध और संभावित संरक्षण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उनका कहना था कि “उचित संरक्षण मिलने पर यह स्थल राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर सकता है।”

स्थल निरीक्षण के दौरान नोनगढ़ पंचायत की मुखिया श्रीमती जूली कुमारी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने पंचायत स्तर पर सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत पर्यटन सुविधाओं के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया। उनका यह भी कहना था कि सत्संडा पहाड़ी का विकास स्थानीय रोजगार बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होगा।

जिला पदाधिकारी श्री मिश्र ने कहा कि सत्संडा पहाड़ी के आसपास पर्यटन-अनुकूल वातावरण, साफ-सफाई और आधारभूत संरचना को विकसित करने के लिए शीघ्र ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि सत्संडा पहाड़ी जल्द ही लखीसराय के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगी।