मुजफ्फरपुर: आरडीएस कॉलेज को "हर घर तिरंगा" अभियान को सफलतापूर्वक शुरू करने के लिए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिता सिंह ने प्रशासनिक भवन के ऊपर तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षक और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के महापर्व को विशेष बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 9 अगस्त से 15 अगस्त तक "हर घर तिरंगा" अभियान का आयोजन किया है।

प्राचार्य ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने डीपी पर तिरंगा लगाकर की है। इसका उद्देश्य है कि झंडे के साथ हमारे संबंध को गहरा और संस्थागत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से झंडे को घरों पर फहराना न केवल तिरंगे के प्रति व्यक्तिगत जुड़ाव का प्रतीक है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

इस अवसर पर कॉलेज के पीआरओ डॉ. ललित किशोर ने कहा कि संस्कृति मंत्रालय की इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

सामूहिक तिरंगा फहराने के इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनिता सिंह के साथ डॉ. राजेश कुमार, डॉ. प्रियंका दीक्षित, डॉ. जयदीप घोष, डॉ. आशुतोष कुमार, डॉ. सौरभ राज, डॉ. रजनीकांत पांडे, डॉ. आयशा जमाल, डॉ. श्रुति मिश्रा, डॉ. मंजरी आनंद, डॉ. शैलेश कुमार, श्री पंकज भूषण, निर्मल कुमार शर्मा, सोनी वर्मा, चंदन कुमार, नितेश कुमार, मनीष कुमार, अशोक कुमार, और रूपेश झा सहित अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे।