लखीसराय : स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के जन्म दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा शाखा मैदान परिसर, राजेन्द्र नगर, पटना में औषधीय वृक्ष बहेड़ा और इमारती वृक्ष महोगनी का पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता और इंजीनियर सुनील कुमार सिन्हा ने किया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक और प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि भारत महापुरुषों का देश है और राष्ट्र के प्रति जीवन समर्पित करने वाले कैलाशपति मिश्र जैसे महामानवों की लंबी परंपरा रही है। उन्होंने बताया कि कैलाशपति मिश्र बिहार में भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य थे, 1998-2003 तक बिहार भाजपा के अध्यक्ष रहे और बाद में गुजरात एवं राजस्थान के राज्यपाल भी रहे। शाण्डिल्य ने मिश्र जी को “भारत का सुलझा हुआ राजनेता” बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

इस पौधारोपण कार्यक्रम में ई. सुनील कुमार सिन्हा, काशी प्रसाद यादव, जय राम, अनुपम गर्ग, रंजन कुमार सिंह, रणजीत प्रसाद, शिक्षक संजीव कुमार सिंह, संदीप कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के स्मरण में योगदान देना है।