समस्तीपुर : जिले के विभुति पुर प्रखंड क्षेत्र के तरुणिया मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती बड़े धूमधाम से मनाई गई। यह कार्यक्रम अमरजीत ठाकुर द्वारा आयोजित किया गया और इसका संचालन निल कमल ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जन सुराज के अनुमंडल सचिव और जिला अभियान समिति के सदस्य डॉ. शंभू कुमार ने संबोधित करते हुए कर्पूरी ठाकुर के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला।

डॉ. शंभू कुमार ने कर्पूरी ठाकुर को सादगी, सरलता और ईमानदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “कर्पूरी ठाकुर ऐसे नेता थे, जिनका जीवन जनसेवा और समाज की भलाई के लिए समर्पित था। आज के नेताओं और राजनीतिक दलों के लोग कर्पूरी ठाकुर के नाम का उपयोग करके केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम करते हैं। जबकि कर्पूरी ठाकुर के जीवन से हमें यह सिखने की आवश्यकता है कि नेता को जनसेवक बनना चाहिए, न कि भोगवादी।”

डॉ. शंभू कुमार ने वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के नेता जाति, धर्म और विभाजन की राजनीति करके समाज में टकराव और अलगाव की स्थिति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे विचारधाराओं को रोकने की आवश्यकता है, जो समाज को तोड़ने का काम कर रही हैं।

इस अवसर पर जन सुराज के अन्य प्रमुख सदस्य भी मौजूद थे। जिनमें अविता कुमारी, रामदेव राय, ममता कुमारी, प्रमोद कुमार और महंत निरंजन दास समेत कई सम्मानित व्यक्ति शामिल थे। इन सभी ने कर्पूरी ठाकुर के योगदान और उनके विचारों को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

समारोह में कर्पूरी ठाकुर की जीवनशैली और उनके समाजिक उत्थान के कार्यों को लेकर कई चर्चाएं हुईं और इस अवसर पर उनके योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के आयोजकों ने कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया, ताकि समाज में एकजुटता और विकास की दिशा में कदम उठाए जा सकें।