नालंदा में विकास की नई राह, अमृत सरोवर और डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन
- Post By Admin on Feb 20 2025

नालंदा : प्रगति यात्रा के तहत गुरुवार को नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड स्थित नानंद गांव में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इस दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्मित अमृत सरोवर, डिजिटल पुस्तकालय और अत्याधुनिक पार्क का उद्घाटन किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा के डिजिटलकरण और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी स्टॉलें लगाई गईं, जिनका अवलोकन किया गया। इस दौरान लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए, जिससे सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आमजन को मिल सके।
इसके बाद सब्बैत में अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय उच्च विद्यालय भवन का निरीक्षण और उद्घाटन किया गया। यह विद्यालय पिछड़े वर्ग की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में सहायक होगा। वहीं, मोहनपुर स्थित मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जिससे मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मछली उत्पादन को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, राजगीर में ब्रह्मकुंड के समीप पर्यटकों के लिए निर्मित सुविधा केंद्र का भी अवलोकन और उद्घाटन किया गया। इस केंद्र के माध्यम से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे राजगीर में पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। क्षेत्र के लोगों ने इन विकास कार्यों को भविष्य के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।