भाकपा-माले का बदलो बिहार महाजुटान को सफल बनाने के लिए जनसभाओं का दौर जारी
- Post By Admin on Feb 20 2025
.jpg)
मुजफ्फरपुर : भाकपा-माले के आह्वान पर न्यायपूर्ण नये बिहार के संकल्प को लेकर 2 मार्च को पटना में होने वाले "बदलो बिहार महाजुटान" को सफल बनाने के लिए पार्टी का जनसंपर्क अभियान जोर पकड़ चुका है। इसी क्रम में आज औराई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों—सहिला बल्ली, हरपुर, असमानपुर, राम, मांझी टोला, अतरार, रसलपुर, महेश्वरा और खानपुर में भाकपा-माले द्वारा जनसभा आयोजित की गई।
जनसभा में बतौर मुख्य वक्ता भाकपा-माले पोलित ब्यूरो सदस्य और ऐपवा की राष्ट्रीय महासचिव मीना तिवारी ने कहा कि देश और बिहार में दलितों, महिलाओं, मुस्लिमों और युवाओं के संवैधानिक अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा-आरएसएस पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाकपा-माले इस दमन के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने जनता से 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित महाजुटान में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता व महागठबंधन समर्थित पूर्व प्रत्याशी आफताब आलम, आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद जावेद अख्तर, एडवोकेट मुकेश पासवान, हरदेव राम, ध्रमेंद्र राम, शिव कुमार राम समेत कई नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। महिला नेत्रियों—नीलम देवी, सविता देवी, फूलो देवी, गीना देवी, पानो देवी, रबचलि देवी, पुनीता देवी, विभा देवी, रिता देवी, इंदु देवी और माया देवी ने भी आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
भाकपा-माले ने इस अभियान के तहत बिहारवासियों से न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए इस आंदोलन में व्यापक भागीदारी की अपील की है। पार्टी का दावा है कि 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में हजारों की भीड़ जुटेगी और एक नए बिहार की दिशा में निर्णायक कदम उठाया जाएगा।