लखीसराय : बिहार में उत्तर–दक्षिण कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम प्रगति सामने आई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा द्वारा प्रस्तावित नारायणपुर गंगा हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण को लेकर केंद्र सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है।
सिन्हा ने बिहार के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच सुगम एवं तेज़ संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से इस महत्वाकांक्षी कॉरिडोर के लिए केंद्र को मांगपत्र भेजा था। इस पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने तत्परता दिखाते हुए प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया है और संबंधित अधिकारियों को आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
यह निर्णय बिहार की सड़क संरचना और कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। प्रस्तावित हाई स्पीड कॉरिडोर से—
-
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच परिवहन व्यवस्था में मौलिक सुधार होगा,
-
क्षेत्रीय विकास एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी,
-
आमजन के आवागमन, व्यापार एवं पर्यटन को अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी।
सरकारी स्तर पर इस सकारात्मक प्रगति को बिहार के बुनियादी ढांचे और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।




















