मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के युवा फिल्म निर्माता अभिमन्यु कुमार को उनकी फिल्म ‘वेलकम’ के लिए अयोध्या में आयोजित अयोध्या भोजपुरी सिने अवार्ड 2025 में सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी फिल्म निर्माता का पुरस्कार प्राप्त हुआ। यह सम्मान उन्हें इंपा के अध्यक्ष अभय सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। अभिमन्यु कुमार की फिल्म ‘वेलकम’ ने कम बजट में बनकर दर्शकों का दिल जीत लिया और समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त की। इस फिल्म से सोशल मीडिया स्टार मनी मेराज को बड़े पर्दे पर लॉन्च किया गया, जिन्होंने अपने अभिनय से सभी का ध्यान आकर्षित किया। फिल्म की कास्ट में वन्नू डी ग्रेट, शशि यादव, प्रकाश जैश, रत्नेश बरनवाल और अभय झा जैसे कुशल कलाकार भी शामिल थे। फिल्म का लेखन और निर्देशन संतोष मिश्रा ने किया था। मुजफ्फरपुर निवासी अभिमन्यु कुमार ने अपनी फिल्मों की शूटिंग बिहार में ही करना पसंद किया है, उनका उद्देश्य स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करना है। उन्होंने अब तक ‘बधाई हो’, ‘नाग नागिन’ जैसी हिट फिल्मों का निर्माण किया है। इस पुरस्कार ने न केवल अभिमन्यु कुमार की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई, बल्कि बिहार के फिल्म उद्योग को भी सम्मानित किया है। उनकी सफलता ने मुजफ्फरपुर और बिहारवासियों को गर्व महसूस कराया है।
मुजफ्फरपुर के लाल ने जीता सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी फिल्म निर्माता का अवार्ड




















