मुजफ्फरपुर में 3 दिन बिजली कटौती, दोपहर 12 से 3 बजे तक इन इलाकों में प्रभावित रहेगी सप्लाई
- Post By Admin on Aug 19 2026
मुजफ्फरपुर : शहर के कई इलाकों में 19 से 21 अगस्त 2026 तक लगातार तीन दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग के अनुसार, प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक करीब तीन घंटे बिजली बंद रहेगी। इस दौरान 11 केवी जेल-2 फीडर से जुड़े कई रिहायशी क्षेत्रों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
बिजली आपूर्ति बाधित होने वाले प्रमुख इलाकों में सोडा गोदाम, छितभगवतीपुर, चर्च रोड, अमरुद बगान और मिल्लत कॉलोनी शामिल हैं। इसके अलावा मालीघाट नाका, कावेरी गैस एजेंसी के आसपास का क्षेत्र, मुरली मनोहर कॉलोनी, फैज कॉलोनी, पानी टंकी जेल रोड, सेंट्रल जेल, पानीकल चौक और जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के आसपास के इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
पोल शिफ्टिंग के चलते बिजली कटौती
विद्युत विभाग के मुताबिक, बीपीडब्ल्यूएनएल (BPNNL) और बुडको (BUIDCO) की ओर से संयुक्त रूप से पोल शिफ्टिंग का कार्य कराया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्यों के मद्देनजर बिजली के खंभों को स्थानांतरित किया जा रहा है। इसी वजह से निर्धारित समय में विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
जरूरी काम पहले निपटाने की अपील
दोपहर के समय तीन घंटे बिजली बंद रहने से घरेलू कामकाज, पानी की आपूर्ति और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो सकते हैं। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से पहले बिजली से जुड़े जरूरी काम निपटा लें और आवश्यक व्यवस्था पहले से कर लें।