पटना में आज से रोजगार का महाकुंभ, 80 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

  • Post By Admin on Aug 19 2026
पटना में आज से रोजगार का महाकुंभ, 80 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

पटना : बिहार के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। पटना के ज्ञान भवन में बुधवार, 19 अगस्त से राज्य का सबसे बड़ा रोजगार मेला शुरू हो रहा है। पांच दिवसीय यह रोजगार मेला 23 अगस्त तक चलेगा। इसमें देश-विदेश की 80 से अधिक नामी कंपनियां शामिल होंगी। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने मेले के माध्यम से करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।

मेले का औपचारिक उद्घाटन विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, यहां बैंकिंग, वित्तीय सेवा, बीमा, रिटेल सहित कई अन्य क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

80 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा

रोजगार मेले में कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी पेमेंट्स बैंक, मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, क्लिक्स, फ्लिपकार्ट, टीसीआई एक्सप्रेस, जॉनसन (लिफ्ट एंड एस्केलेटर), टीवीएस क्रेडिट, ट्रेंट लिमिटेड और रिलायंस रिटेल समेत कई कंपनियां शामिल होंगी।

मेले में भाग लेने के लिए नियोजकों और अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के अभ्यर्थियों को मेले में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। रोजगार मेले से जुड़ी जानकारी के लिए विभाग ने 18002965656 टोल फ्री नंबर जारी किया है।

2026-27 में अब तक 17 रोजगार मेले

विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक राज्य में 17 रोजगार या नियोजन मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें दो बार पांच दिवसीय रोजगार मेले भी लगाए गए। इनमें से एक मेला पटना के दशरथ मांझी संस्थान में आयोजित हुआ था। अब तक आयोजित इन मेलों के माध्यम से करीब 8,500 युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मिल चुका है।

इसके अलावा इस वर्ष अब तक 673 नियोजन कैंप भी आयोजित किए गए हैं। इन कैंपों के माध्यम से 13 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। राज्यस्तरीय रोजगार मेले के साथ-साथ विभाग की ओर से जिला और प्रमंडल स्तर पर भी नियोजन सह मार्गदर्शन मेले आयोजित किए जा रहे हैं।