जन्मोत्सव सह कवि सम्मेलन में मुस्कान केशरी को मिला ‘सेवा रत्न सम्मान’
- Post By Admin on Oct 13 2026
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में आयोजित जन्मोत्सव सह कवि सम्मेलन में युवा कवि एवं समाजसेवी मुस्कान केशरी को साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘सेवा रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की ओर से लंगट सिंह महाविद्यालय (एल.एन.टी. कॉलेज), मुजफ्फरपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, लोकसंस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई रचनाकारों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।
सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने बताया कि मुस्कान केशरी को यह सम्मान उनकी साहित्यिक गतिविधियों और समाजसेवा में योगदान के लिए प्रदान किया गया। उन्हें सुनील कुमार और मुजफ्फरपुर शांति सेना के संयोजक प्रोफेसर सोनू सरकार ने संयुक्त रूप से अंगवस्त्र, महात्मा गांधी की तस्वीर तथा लीची गीत संग्रह ‘लीचिया लाले लाल’ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान साहित्य की विभिन्न विधाओं में योगदान देने वाले कवियों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। भाजपा नेता एवं निषाद संघर्ष मोर्चा के संरक्षक रंजीत सहनी ने प्रतिभागियों को उनकी साहित्यिक एवं सामाजिक उपलब्धियों के लिए स्मृति चिह्न प्रदान किए।सम्मानित होने वाले रचनाकारों में भक्ति काव्य के लिए सुप्रिया सोनी, हास्य काव्य के लिए अचानक ईश्वर, करुणा काव्य के लिए दीपा श्रीवास्तव, यथार्थ काव्य के लिए सुजाता शर्मा, शृंगार काव्य के लिए सदैव सौरभ, हौसले पर आधारित काव्य के लिए पीयूष कुमार, गीत के लिए गौतम कुमार वात्सल्यन तथा गजल के लिए हमीदी जी शामिल रहे। वहीं, सामाजिक कार्यों के लिए लाल पासवान बच्चन को सम्मानित किया गया।
कवि सम्मेलन में कई कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों और जीवन के विविध पहलुओं को प्रस्तुत किया। इसमें गौतम कुमार वात्सल्यन, अचानक ईश्वर, हमीदी जी, सविता राज, दीपा श्रीवास्तव, सुनील कुमार, श्रवण कुमार, धीरज कुमार झा, उमेश राज, शिवेंद्र कुमार, इंजीनियर दिनेश कुमार सिन्हा, अरूप कुमार दास, चंदन कुमार, स्मृति सुमन, काजल कुमारी, अनीश कुमार, आदिल कुमार, तुषार कुमार, उदय कुमार, अभिषेक कुमार, लाल बच्चन पासवान, जगदीश शर्मा और अंशु कुमार सहित कई रचनाकारों ने काव्य पाठ किया। कठपुतली कलाकार एवं गीतकार सुनील कुमार ने ‘सेवा में समर्पित सब दिन जेकरा ला प्रकृति हय’ और ‘लीचिया लाले लाल’ की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लोकसंस्कृति और गीत-संगीत का रंग जोड़ा। इन प्रस्तुतियों ने साहित्यिक आयोजन को सांस्कृतिक स्वरूप भी प्रदान किया।
इस अवसर पर सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन की संरक्षक एवं वरिष्ठ कठपुतली कलाकार कांता देवी की अध्यक्षता में मालीघाट स्थित संस्थान परिसर में बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में साहित्य, लोकसंस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में रचनात्मक योगदान को प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। कांता देवी ने मुस्कान केशरी को सेवा रत्न सम्मान दिए जाने की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के समापन पर लीचीपुरम पुनर्जागरण के संयोजक सुरेश कुमार गुप्ता, युवा समाजसेवी विक्रम जय नारायण निषाद, कठपुतली कलाकार सुनील कुमार और मुजफ्फरपुर शांति सेना के संयोजक प्रोफेसर सोनू सरकार ने मुस्कान केशरी को जन्मोत्सव सह कवि सम्मेलन के सफल आयोजन तथा सम्मान प्राप्त करने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।