मोहम्मद मिस्टर आलम ने ममता देवी को मंत्री पद देने की उठाई मांग
- Post By Admin on Nov 26 2024

रामगढ़ : रामगढ़ जिला सचिव मोहम्मद मिस्टर आलम ने कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व से एक महत्वपूर्ण मांग की है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ की जनता ने जिस प्रकार से ममता देवी पर अपना विश्वास दिखाया है। उसके आधार पर उन्हें मंत्री पद दिया जाना चाहिए। आलम ने यह बात सोमवार को मीडिया से साझा करते हुए कहा कि ममता देवी को मंत्री पद मिलने से रामगढ़ जिला में कांग्रेस संगठन मजबूत होगा और पार्टी का सम्मान भी बना रहेगा। आलम ने यह भी बताया कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में कुल पांच विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
जिनमें से रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां की जनता ने ममता देवी को चुना है। ऐसी स्थिति में रामगढ़ की जनता की अपेक्षाएँ हैं कि ममता देवी को मंत्री पद का कोटा दिया जाए ताकि पार्टी को स्थानीय स्तर पर और अधिक समर्थन मिल सके और क्षेत्रीय विकास में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को कांग्रेस के उच्च नेतृत्व और प्रदेश कमेटी के सामने रखा है और उन्हें आश्वासन मिला है कि इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आलम ने ममता देवी को मंत्री पद दिए जाने को न केवल रामगढ़ के लिए, बल्कि कांग्रेस पार्टी के लिए भी फायदेमंद बताया और कहा कि इससे पार्टी की छवि और संगठन की स्थिति को मजबूती मिलेगी। इस मांग के बाद से यह उम्मीद जताई जा रही है कि पार्टी नेतृत्व रामगढ़ की जनता के इस दबाव को गंभीरता से लेकर जल्द ही कोई कदम उठा सकता है। जिससे स्थानीय नेतृत्व को भी बल मिलेगा।