18 से 22 दिसम्बर तक आयोजित होगा लोयला ग्राउंड में क्रिसमस मेला
- Post By Admin on Nov 26 2024

रांची : ईसाई समुदाय के आगामी प्रमुख त्योहार क्रिसमस के अवसर पर रांची के लोयला ग्राउंड में एक भव्य मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला 18 से 22 दिसम्बर तक चलेगा। जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियाँ, मनोरंजन और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को एक मंच पर लाकर समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना है।
सोमवार को मेला आयोजन को लेकर एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें पल्ली खेल समिति और कैथोलिक पारिश के सदस्य उपस्थित हुए। इस बैठक में संत जोसेफ क्लब, पुरुलिया रोड में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संत मरिया महागिरजाचर्च के पल्ली पुरोहित आनंद डेविड खलखो, सहायक पुरोहित दीपक बाड़ा, फादर सुनिल लकड़ा, कैथोलिक सचिव सुनिल खलखो, महिला संघ की सचिव फ्रांसिसिका खलखो और अन्य समाजसेवी उपस्थित थे।
इस दौरान आयोजकों ने बताया कि क्रिसमस मेला का आयोजन इस बार विशेष रूप से झारखंड की संस्कृति और कला को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। मेला में बच्चों के लिए विशेष मनोरंजन की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें खिलौने और अन्य आकर्षक गतिविधियाँ शामिल होंगी। इसके अलावा मेला में झारखंड के प्रसिद्ध कलाकार रीतेश कच्छप का भी योगदान रहेगा। जो मेला के उत्साह को और बढ़ाएंगे।
मेला में प्रवेश के लिए प्रति टिकट 50 रुपये का शुल्क रखा गया है। जो मेला में आने वाले दर्शकों से लिया जाएगा। यह मेला न केवल एक सांस्कृतिक उत्सव होगा, बल्कि इसमें समाज के कल्याण से जुड़े विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। आयोजकों ने मीडिया से कहा कि इस मेला का उद्देश्य समाज में सकारात्मक संदेश देना है और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में मार्गदर्शन करना है। वे चाहते हैं कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोग एक दूसरे से जुड़े और सामूहिक प्रयासों से समाज में बदलाव लाने की दिशा में काम करें।