पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि उनके चाचा और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पशुपति कुमार पारस ने स्वर्गीय रामविलास पासवान की पहली पत्नी, राजकुमारी देवी के साथ दुर्व्यवहार किया। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि पारस और उनके दिवंगत छोटे भाई राम चंद्र पासवान की पत्नियों ने हाल ही में राजकुमारी देवी को बिहार के खगड़िया जिले में उनके पैतृक आवास से बेदखल करने की कोशिश की थी।
रामविलास पासवान ने चिराग की मां रीना से शादी करने से पहले राजकुमारी देवी से विवाह किया था। तिवारी ने बताया कि जैसे ही चिराग को इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने अपने रिश्तेदार प्रिंस पासवान को घटनास्थल पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया।
तिवारी ने आरोप लगाया कि पारस ने अपनी बुजुर्ग और बीमार भाभी के साथ दुर्व्यवहार किया और उनके कमरे का ताला लगा दिया। साथ ही उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया। तिवारी ने कहा कि लोजपा राजकुमारी देवी के साथ खड़ी है और पारस की इस हरकत की कड़ी निंदा करती है।
हालांकि, इस मामले में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है और पारस से इस पर टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका। यह विवाद चिराग और पारस के बीच बिहार में रामविलास पासवान की राजनीतिक विरासत पर कब्जे को लेकर चल रहे झगड़े का हिस्सा माना जा रहा है।




















