लखीसराय : जिला प्रशासन लखीसराय के कार्यालय परिचारी बनारसी टुडू के निधन पर शनिवार को समाहरणालय परिसर में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके निधन से समाहरणालय परिवार में शोक की लहर है। वे सूर्यगढ़ा अंचल कार्यालय में पदस्थापित थे और जिला विधि शाखा, लखीसराय में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। उनका निधन 27 नवंबर की रात करीब आठ बजे चिकित्सकीय उपचार के दौरान हुआ।
उनके निधन की सूचना पर समाहरणालय परिसर में शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें प्रभारी जिला पदाधिकारी नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न कार्यालयों के पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए।
शोक सभा में उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने दिवंगत बनारसी टुडू के साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की। जिला प्रशासन ने बनारसी टुडू के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
















