मुजफ्फरपुर: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी में सुगंध फ़िल्म्स प्रोडक्शंस की ओर से एक वीडियो शूटिंग के दौरान रिकॉर्ड किए गए दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने शूटिंग के वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे ‘लड़की भाग रही थी, पकड़ा गई’ जैसी घटनाओं से जोड़कर प्रस्तुत किया। इसके बाद देखते ही देखते वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया और कई ब्लॉगरों तथा न्यूज पोर्टलों ने भी बिना पूरी जानकारी अथवा तथ्य की पुष्टि किए इसे खबर के रूप में प्रसारित करना शुरू कर दिया।

इस मामले में सुगंध फ़िल्म्स प्रोडक्शंस के संस्थापक सुगंध ने स्पष्ट किया कि डुमरी में चल रही शूटिंग की सूचना पूर्व में जिला प्रशासन और संबंधित थाना क्षेत्र के अधिकारियों को दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद कई जगहों पर इसे वास्तविक घटना समझकर खबर के रूप में प्रसारित किया गया।

सुगंध ने बताया कि यह शूटिंग किसी वास्तविक घटना को दर्शाने के लिए नहीं, बल्कि समाज को एक संवेदनशील संदेश देने के उद्देश्य से की जा रही थी। वीडियो की कहानी एक पिता और उसकी बेटी के रिश्ते, पिता के प्यार, परिवार की भावनाओं और बेटी के गलत कदम से परिवार पर पड़ने वाले भावनात्मक असर को केंद्र में रखकर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि एक पिता अपनी बच्ची को बड़े प्यार, स्नेह और उम्मीदों के साथ पालता है। जब वही बच्ची कोई ऐसा कदम उठाती है, जो परिवार की भावनाओं और विश्वास को चोट पहुंचाता है, तो उस पिता और परिवार पर क्या गुजरती है, इसे इस वीडियो के माध्यम से दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसी को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं को यह सोचने के लिए प्रेरित करना है कि कोई भी निर्णय लेने से पहले परिवार की भावनाओं, उनके संघर्ष और उनके प्यार को भी समझें।

सुगंध ने अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो को देखने के बाद उसे वास्तविक घटना मानकर साझा करने अथवा खबर बनाने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर की जानी चाहिए। बिना तथ्यों की जांच किए किसी वीडियो को घटना के रूप में प्रसारित करना लोगों के बीच भ्रम पैदा कर सकता है और संबंधित व्यक्तियों की छवि को भी प्रभावित कर सकता है। इस शूटिंग में सुगंध, आयुषी, अभय प्रताप सिंह और प्रशांत पराशर ने किरदार निभाए हैं। सुगंध फ़िल्म्स प्रोडक्शंस की टीम का कहना है कि इस वीडियो के माध्यम से परिवार, सामाजिक जिम्मेदारी और भावनात्मक रिश्तों से जुड़ा संदेश लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।