लखीसराय : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को लखीसराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय और विकासार्थ ट्रस्ट की संयुक्त पहल पर बाईपास स्थित श्री श्री 108 गणिनाथ पंचम वार्षिकोत्सव सह पूजन समारोह में श्रद्धालुओं को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान विकासार्थ ट्रस्ट के सचिव ने उपस्थित लोगों को सामूहिक रूप से बाल विवाह नहीं करने और इसे रोकने में अपनी भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बाल विवाह से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को इस सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक करते हुए इसके रोकथाम में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता बताई गई।
इस पहल का उद्देश्य धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक बाल विवाह रोकथाम का संदेश पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी इस अभियान में सहयोग करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
मौके पर विकासार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा, महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, विकासार्थ ट्रस्ट के जिला समन्वयक संजय कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, नवीन कुमार तथा बजरंग दल के नवीन सोनी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही इस कुरीति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
















