मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय में शनिवार को संस्थापक रामदयालु बाबू का स्मृति दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार और मुख्य वक्ता प्रो. अरुण कुमार सिंह के साथ रामदयालु बाबू स्मारक स्थल एवं नवनिर्मित साइकिल स्टैंड का उद्घाटन किया। समारोह में महाविद्यालय के पांच शिक्षकों को उनके अकादमिक और शोध योगदान के लिए यंग रिसर्चर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सौरभ राज, डॉ. भगवान कुमार, डॉ. प्रियंका दीक्षित और डॉ. प्रेमलता शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्रुति मिश्रा ने डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से रामदयालु बाबू के व्यक्तित्व, जीवन और योगदान को रेखांकित किया।
समारोह की शुरुआत स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन, कुलगीत और स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रगान भी गाया गया। प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने अतिथियों को अंगवस्त्र और सम्मान पट्ट प्रदान कर स्वागत किया।
संस्थापक के आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : कुलपति
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि रामदयालु सिंह महाविद्यालय का इतिहास गौरवशाली रहा है। यह संस्थान केवल शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, राष्ट्र निर्माण और शैक्षणिक मूल्यों की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। रामदयालु बाबू जैसे संस्थापकों ने जिन आदर्शों और संकल्पों के साथ महाविद्यालय की स्थापना की, उन्हें जीवन में उतारना आज की पीढ़ी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि किसी शैक्षणिक संस्थान की पहचान केवल उसकी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति प्रतिबद्धता से भी होती है। कुलपति ने महाविद्यालय के विकास पर प्रसन्नता जताते हुए प्राचार्य, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता उच्च शिक्षा संस्थानों को नई पहचान दिलाते हैं। आरडीएस कॉलेज को शोध और नवाचार के क्षेत्र में और अधिक अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए, ताकि शिक्षक और विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ा है कॉलेज का इतिहास
मुख्य वक्ता प्रो. अरुण कुमार सिंह ने रामदयालु बाबू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि रामदयालु बाबू सरल, विनम्र और आत्मीय व्यवहार वाले व्यक्तित्व के धनी थे। उनका जीवन शिक्षा, समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। उन्होंने नमक सत्याग्रह में उनकी सक्रिय भागीदारी, किसान सभा के माध्यम से किसानों के हित में किए गए प्रयासों तथा बिहार विधान परिषद और विधानसभा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बिहार के प्रथम विधानसभा अध्यक्ष के रूप में रामदयालु बाबू का चयन राज्य के राजनीतिक इतिहास की महत्वपूर्ण घटना थी।
प्रो. सिंह ने कहा कि आरडीएस कॉलेज का इतिहास केवल एक शिक्षण संस्थान की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय जागरण और सामाजिक परिवर्तन की यात्रा से भी जुड़ा है। परिसर में ब्रह्मचर्य आश्रम और तिलक फंड जैसी गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण स्थान रहा। महाविद्यालय की स्थापना और विकास में रामदयालु बाबू के साथ महेश बाबू का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। उन्होंने महेश बाबू को संस्थान के विकास का महत्वपूर्ण शिल्पकार बताते हुए कहा कि दोनों के प्रयासों ने महाविद्यालय को मजबूत आधार दिया।
संघर्ष, जनसेवा और शिक्षा के प्रति समर्पण को किया याद
हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता ने रामदयालु बाबू के बचपन से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक की यात्रा का वर्णन किया। उन्होंने उनके संघर्ष, सामाजिक प्रतिबद्धता, राजनीतिक योगदान और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं, प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने महाविद्यालय की विकास यात्रा और बीते वर्षों में हुई शैक्षणिक, आधारभूत एवं सांस्कृतिक प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने सेमिनार, संगोष्ठी, कार्यशाला, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी और एनएसएस के कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में सीसीडीसी डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता, प्राचार्य डॉ. अमिता शर्मा, डॉ. अनीता सिंह, पूर्व प्राचार्य डॉ. संजय कुमार, डॉ. मंजू सिन्हा, डॉ. संजय कुमार सुमन, डॉ. शिवेश कुमार, प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार, पूर्व प्राचार्य डॉ. राधेश्याम शर्मा, डॉ. इंद्रा कुमारी, डॉ. श्याम बाबू शर्मा, डॉ. रामकुमार, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. मंजरी आनंद, डॉ. प्रदीप कुमार चौधरी, डॉ. आर. मिहिर कुमार, डॉ. एम.एन. रजवी, डॉ. आर.एन. ओझा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में रामदयालु बाबू के आदर्शों पर चलने और महाविद्यालय को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
















