भूमि विवाद निपटारे में तेजी के निर्देश, लखीसराय में प्रधान सचिव की समीक्षा बैठक
- Post By Admin on Dec 15 2025
लखीसराय : जिले में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर सोमवार को समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव श्री सी.के. अनिल (IAS) ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, नामांतरण, परिमार्जन, भूमि अभिलेखों के अद्यतन एवं अन्य राजस्व मामलों की गहन समीक्षा कर उनके त्वरित समाधान हेतु ठोस दिशा-निर्देश देना था।
प्रधान सचिव श्री अनिल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भूमि विवाद आम नागरिकों से सीधे जुड़े हुए हैं और इनके शीघ्र निपटारे से जनता को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यह निर्देश दिया गया कि भूमि विवादों के समाधान में आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि वर्षों से लंबित विवादों का स्थायी समाधान हो सके।
सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री जय सिंह (IAS) ने अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को क्षेत्र स्तर पर अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने जनशिकायतों को गंभीरता से लेने, विवाद निपटारे में पारदर्शिता बनाए रखने तथा दाखिल-खारिज एवं नामांतरण जैसे मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं में तेजी लाने से भूमि विवादों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
बैठक में ऑनलाइन प्रक्रियाओं के अधिकतम उपयोग, अभिलेखों के अद्यतन तथा आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरल एवं सुगम व्यवस्था अपनाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, न्यायालय से संबंधित मामलों में प्राप्त आदेशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुराने एवं जटिल भूमि विवादों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाकर उनके समाधान की दिशा में कार्य करने पर भी बैठक में सहमति बनी।
अंत में जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आम नागरिकों को समय पर न्याय एवं सुविधा उपलब्ध कराएं।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी सहित सभी अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।