विश्व टेलीविजन दिवस पर हरित पहल, विद्यालय परिसर में लगाए गए फलदार पेड़
- Post By Admin on Nov 21 2025
जमुई : विश्व टेलीविजन दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण भारती ने पी.डी. मध्य विद्यालय परिसर, पुरानी बाजार में पौधारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत आम के 9, जामुन के 3, बेल का 1 और मीठा नीम (कड़ी पत्ता) के 4 पौधे लगाए गए। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अंकित पंडित ने किया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने इस अवसर पर कहा कि विश्व टेलीविजन दिवस पहली बार 21 नवंबर 1996 को मनाया गया था। उन्होंने बताया कि आज के वैज्ञानिक युग में टेलीविजन शिक्षा, संवाद, मनोरंजन, समाचार और जागरूकता का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसने विश्व के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ा है।
राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि टीवी ने मानव जीवन को सरल और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी महत्त्व को रेखांकित करने के लिए हर वर्ष 21 नवंबर को विश्व टेलीविजन दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिवस पर पौधारोपण जैसे सकारात्मक और पर्यावरण हितैषी कार्य का आयोजन भविष्य के लिए एक यादगार संदेश देता है।
कार्यक्रम में पर्यावरण भारती की टीम के सदस्य और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पौधारोपण में अंकित पंडित, शिक्षक अरविंद कुमार, महेंद्र प्रसाद बर्णवाल, राम बिलास शाण्डिल्य, शीतल कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, रागिनी कुमारी, पीहू कुमारी, आदित्य ठाकुर समेत कई लोग उपस्थित रहे।
पर्यावरण भारती द्वारा किया गया यह आयोजन न केवल विश्व टेलीविजन दिवस को सार्थक बनाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण कदम भी है।