महिलाओं को नए घर की सौगात : पीएम मोदी ने सौंपी जीपीआरए फ्लैट्स की चाबियां
- Post By Admin on Mar 08 2026
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए) कॉलोनी का दौरा कर महिला लाभार्थियों को टाइप-5 के नए फ्लैट्स की चाबियां सौंपी। इस अवसर पर उन्होंने श्रमजीवी महिलाओं से संवाद भी किया और सरकार की आवासीय योजनाओं की जानकारी साझा की।
सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में चल रही जीपीआरए पुनर्विकास परियोजनाएं सरकारी कॉलोनियों के आधुनिकीकरण और सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा हैं। करीब 15,200 करोड़ रुपये की लागत से इन परियोजनाओं का पुनर्विकास किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार यह परियोजना एक नवोन्मेषी आत्मनिर्भर वित्तीय मॉडल के तहत लागू की जा रही है, जिससे सरकारी खजाने पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। इसके अंतर्गत परियोजना क्षेत्र के सीमित हिस्से को वाणिज्यिक और आवासीय उपयोग के लिए विकसित कर उससे प्राप्त राजस्व से आधुनिक सरकारी आवास, बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही लगभग 48 लाख वर्ग फुट कार्यालय क्षेत्र का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों की दक्षता में सुधार होगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने लगभग 18,300 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर—करीब 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) और 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर—का उद्घाटन किया।
इन नई मेट्रो लाइनों से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे कई इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के चरण-4 के अंतर्गत लगभग 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी। इनमें आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक के मार्ग शामिल हैं। इन कॉरिडोर से दिल्ली, नोएडा और हवाई अड्डे के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।