कोर्ट के झटके के बावजूद आगे बढ़ी भारत-यूएस ट्रेड डील, 3–4 माह में फैसला संभव
- Post By Admin on Mar 08 2026
नई दिल्ली : भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है और अगले तीन से चार महीनों में इस पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया कानूनी झटके के बावजूद दोनों देशों के बीच वार्ता की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार भारत इस समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के पक्ष में है। सरकार का मानना है कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच व्यापार समझौता भारत के लिए एक मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच का काम कर सकता है।
सूत्रों का कहना है कि भले ही पहले तय समयसीमा मार्च तक समझौते को अंतिम रूप देने की थी, लेकिन नई कानूनी परिस्थितियों के कारण इसमें कुछ देरी हो सकती है। अब अगले तीन से चार महीनों में दोनों पक्ष शर्तों को फिर से परखते हुए समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे।
नीतिगत स्तर पर भारत का आकलन है कि किसी संभावित राजनीतिक बदलाव या भविष्य में किसी ‘नरम’ सरकार के आने का इंतजार करना व्यावहारिक रणनीति नहीं होगा। अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक बार लिए गए फैसले अक्सर लंबे समय तक प्रभाव में रहते हैं और बाद में उन्हें बदलना मुश्किल हो जाता है।
सरकार का मानना है कि यदि वर्तमान समय में एक व्यावहारिक और कार्यशील समझौता नहीं हो पाया, तो भविष्य में शर्तें और अधिक कठोर हो सकती हैं। इसी कारण भारत समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ रहा है।