चंपारण सत्याग्रह की याद में पटना से निकलेगी गांधी पदयात्रा, 10 अप्रैल से होगा शुभारंभ
- Post By Admin on Mar 26 2026
पटना : महात्मा गांधी के ऐतिहासिक चंपारण सत्याग्रह की स्मृति को जीवंत रखने और उसके संदेश को वर्तमान समय में प्रसारित करने के उद्देश्य से ‘जहां पड़े कदम गांधी के, एक कदम गांधी के साथ’ अभियान के तहत पटना से चंपारण तक एक विशेष यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 10 अप्रैल से शुरू होकर 22 अप्रैल तक विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों से गुजरते हुए पश्चिम चंपारण के भितिहरवा स्थित गांधी आश्रम में संपन्न होगी।
सर्व सेवा संघ और प्रदेश सर्वोदय मंडल द्वारा अन्य समान विचारधारा वाले संगठनों के सहयोग से आयोजित इस यात्रा की तैयारी जोरों पर चल रही है। उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद देश में अपना पहला सफल सत्याग्रह 1917 में चंपारण में ही किया था, जिसने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की दिशा बदल दी और इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ। इसी ऐतिहासिक घटना को स्मरण करते हुए यात्रा की शुरुआत की जा रही है।
10 अप्रैल को पटना से होगी शुरुआत
यात्रा की शुरुआत 10 अप्रैल को पटना स्थित चरखा समिति में सर्वधर्म प्रार्थना के साथ होगी। इसके बाद गांधी संग्रहालय में ‘चंपारण सत्याग्रह का संदेश और आज का समय’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें यात्री दल के अलावा वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अरुण कुमार त्रिपाठी और गांधी स्मारक निधि, नई दिल्ली के सचिव संजय सिंह भाग लेंगे। इसके बाद पदयात्रा गांधी घाट तक जाएगी।
मुजफ्फरपुर और चंपारण के ऐतिहासिक स्थलों का होगा भ्रमण
यात्रा 12 अप्रैल को मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। 13 अप्रैल को लंगट सिंह महाविद्यालय में सर्वधर्म प्रार्थना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। यहां 'आजादी की विरासत, लोकतंत्र एवं संविधान’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अरविंद मोहन और डॉ. ए.के. अरुण भाग लेंगे। शाम को शहर में पदयात्रा निकाली जाएगी, जो उन स्थानों तक जाएगी जहां महात्मा गांधी का आगमन हुआ था।
14 अप्रैल को यात्रा चंपारण के मधुबन, पकड़ीदयाल और बोकानोकला क्षेत्रों में पहुंचेगी। 15 अप्रैल को यात्रा लखनसेन बड़हरवा जाएगी, जहां गांधीजी द्वारा स्थापित बुनियादी विद्यालय आज भी संचालित हो रहा है। यहां गांधी स्मृति समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, मुखिया श्यामा कान्त सिंह और सरपंच बच्चन प्रसाद श्रीवास्तव सहित कई लोग यात्री दल का स्वागत करेंगे।
मोतिहारी, बेतिया और नरकटियागंज में भी होंगे कार्यक्रम
16 अप्रैल को यात्रा मोतिहारी में रहेगी और वहां भी उन ऐतिहासिक स्थलों तक पदयात्रा की जाएगी जहां महात्मा गांधी गए थे। इसके बाद 17 और 18 अप्रैल को बेतिया तथा 19 से 21 अप्रैल तक नरकटियागंज के आसपास विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
22 अप्रैल को भितिहरवा गांधी आश्रम में समापन
यात्रा का समापन 22 अप्रैल को पश्चिम चंपारण के भितिहरवा स्थित गांधी आश्रम में होगा। यात्रा की पूर्व तैयारियों के लिए एक टीम चंपारण का दौरा कर चुकी है, जिसमें वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता शाहिद कमाल, शांति सेना मुजफ्फरपुर के संयोजक सोनू सरकार और सर्व सेवा संघ प्रकाशन वाराणसी के संयोजक अशोक भारत शामिल थे।
आयोजकों के अनुसार चंपारण यात्रा के दौरान हर स्थान पर लोगों का भरपूर सहयोग और उत्साह देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि भले ही महात्मा गांधी आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और चेतना आज भी समाज को प्रेरित कर रहे हैं।