बिहार कृषि ऐप से किसान सीखेंगे खेती की बारीकियां
- Post By Admin on Jan 03 2025

लखीसराय : जिले के लगभग 2 लाख 8 हजार 836 किसान अब बिहार कृषि ऐप के माध्यम से खेती-किसानी की बारीकियों को समझ सकेंगे। इस ऐप के जरिए किसान कृषि विभाग की 39 विभिन्न योजनाओं और तकनीकी जानकारी से लैस होंगे। जिला कृषि विभाग के बीओ, किसान सलाहकार, कोर्डिनेटर, एटीएम, बीटीएम आदि किसान सलाहकार इस ऐप की जानकारी किसानों तक पहुंचा रहे हैं और जिनके पास एंड्रॉयड फोन हैं, उन्हें इसे डाउनलोड कर संचालन में मदद कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनकी जानकारी अलग-अलग साइट्स पर उपलब्ध है। इससे किसानों को विभिन्न उपकरणों, बीज, अनुदान और उत्पादन संबंधी जानकारी के लिए कई साइटों पर जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही थी। अब, बिहार कृषि ऐप से किसानों को सभी जानकारी एक ही प्लेटफार्म पर मिल सकेगी। जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधांशु ने बताया कि किसानों को इस ऐप का इस्तेमाल सिखाने के लिए विभाग के कर्मियों और प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षित किया गया है। किसान सलाहकार सरफराज आलम ने बताया कि निबंधित किसान इस ऐप का लाभ उठा सकते हैं, जिसके लिए कृषि विभाग के डीभीटी ऐप पर निबंधन अनिवार्य है। लघु, बृहत और सीमांत सभी प्रकार के किसानों को इस ऐप से जुड़ने का अवसर मिलेगा।