राम वृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में विदाई एवं स्वागत समारोह आयोजित, छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुति

  • Post By Admin on Apr 11 2026
राम वृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में विदाई एवं स्वागत समारोह आयोजित, छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुति

मुजफ्फरपुर: स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग, राम वृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय द्वारा आज एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्नातकोत्तर प्रथम सत्र 2023-25 बैच की छात्राओं का विदाई समारोह एवं 2025-27 पीजी तथा 2025-29 यूजी बैच की नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और भावनाओं से भरपूर रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मधु सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं को महाविद्यालय की परंपराओं और अनुशासन से अवगत कराया, वहीं विदा होने वाली छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करें और अपने महाविद्यालय से हमेशा जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सफलता ही संस्थान की वास्तविक प्रगति है।

विभागाध्यक्ष डॉ. अंकिता सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए छात्राओं को महाविद्यालय से भावनात्मक रूप से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होगा और वे जीवन में जहां भी रहेंगी, अपने संस्थान के प्रति योगदान देती रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बना दिया। संगीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के परिणाम में निशा कुमारी को “मिस फेयरवेल” का खिताब दिया गया। वहीं मोना कुमारी प्रथम रनर-अप और अमृता कुमारी द्वितीय रनर-अप रहीं। इसके अलावा पीजी वर्ग में महविश को “मिस फ्रेशर” तथा यूजी वर्ग में खुशी कुमारी को “मिस फ्रेशर” का खिताब मिला।

कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकों डॉ. अन्नू कुमारी, डॉ. पुतुल कुमारी एवं डॉ. नाहिद कौशर ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं डॉ. अफरोज ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे। छात्राओं में आरोही, आयुषी, खुशी, निभा, नाहिद सहित कई छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे कार्यक्रम यादगार बन गया।