बिहार मेडिकल समिट–2025 में पर्यावरण योद्धा डॉ. अविनाश तिरंगा हुए सम्मानित

  • Post By Admin on Dec 17 2025
बिहार मेडिकल समिट–2025 में पर्यावरण योद्धा डॉ. अविनाश तिरंगा हुए सम्मानित

पटना : राजधानी के प्रतिष्ठित होटल मौर्या में आयोजित बिहार मेडिकल समिट–2025 के भव्य समारोह में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले ‘ऑक्सीजन बाबा’ डॉ. अविनाश तिरंगा को सम्मानित किया गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार एवं मंत्री संजय टाइगर ने संयुक्त रूप से उन्हें इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) के प्रचार–प्रसार, जनजागरूकता और सतत प्रयासों के लिए सम्मान प्रदान किया।

इस गरिमामयी अवसर पर माननीय विधान पार्षद अनामिका सिंह पटेल, विधायक रत्नेश कुमार एवं शत्रुघन चौरसिया की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अविनाश तिरंगा ने इलेक्ट्रिक व्हीकल को केवल एक तकनीकी विकल्प न मानकर उसे पर्यावरण संरक्षण का जनांदोलन बना दिया है। उनके द्वारा बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों से युवाओं, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को इलेक्ट्रिक व्हीकल अपनाने की दिशा में सकारात्मक प्रेरणा मिली है।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदूषण, ईंधन संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के दौर में डॉ. अविनाश तिरंगा जैसे समाजसेवी व्यक्तित्व स्वच्छ, हरित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके प्रयास राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अविनाश तिरंगा ने सभी गणमान्य अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संकल्प को समर्पित है। उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल को जन–जन तक पहुँचाने के लिए सरकार, समाज और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में देशभर से आए चिकित्सा, सामाजिक एवं औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी डॉ. अविनाश तिरंगा के कार्यों की सराहना करते हुए इलेक्ट्रिक व्हीकल को स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से सीधे जुड़ा हुआ विषय बताया।