स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जिलाधिकारी की गहन समीक्षा, लापरवाही पर कड़ी चेतावनी

  • Post By Admin on Dec 02 2025
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जिलाधिकारी की गहन समीक्षा, लापरवाही पर कड़ी चेतावनी

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान भारत, टीबी मुक्त भारत, भव्या पोर्टल, मातृत्व मृत्यु समीक्षा, पोलियो अभियान, परिवार नियोजन और विभाग के अन्य प्रमुख कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

भव्या पोर्टल पर लापरवाही उजागर, कई संस्थानों में शून्य प्रविष्टि

समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले के कई स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा IPD से संबंधित उपचारात्मक आंकड़े दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। शून्य प्रविष्टि वाले संस्थानों में सदर अस्पताल लखीसराय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा और रेफरल अस्पताल बड़हिया शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कठोर निर्देश देते हुए कहा कि भव्या पोर्टल पर सभी आवश्यक डेटा समय पर और पूर्ण रूप से अपलोड किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

OPD–IPD सेवाओं में चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति पर नाराज़गी

जिलाधिकारी ने OPD व IPD सेवाओं में चिकित्सकों की अनियमित उपलब्धता पर गंभीर नाराज़गी जाहिर की। उन्होंने सिविल सर्जन एवं सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन चिकित्सक-वार OPD उपस्थिति और IPD सलाह से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।

M-ASHA पोर्टल पर कमज़ोर प्रदर्शन, कई प्रखंडों का वेतन रोका गया

समीक्षा में पाया गया कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा परिवार से जुड़े आवश्यक आंकड़े पोर्टल पर दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर मानते हुए निर्देश दिया कि 29 दिसम्बर 2025 तक यह उपलब्धि जिले के औसत (29%) से ऊपर लाई जाए।
कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंड—

  • लखीसराय (6%)

  • पिपरिया (13%)

  • बड़हिया (24%)

  • सूर्यगढ़ा (27%)

इन प्रखंडों के सामुदायिक उत्प्रेरकों के वेतन पर रोक लगाते हुए तत्काल सुधार का निर्देश दिया गया।

टीबी मुक्त भारत: 10 दिसम्बर को उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक

टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 10 दिसंबर 2025 को बलगुदार स्थित ऑडिटोरियम में जनभागीदारी आधारित उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।

पोलियो एवं नियमित टीकाकरण पर सतत निगरानी

प्लस पोलियो अभियान और नियमित टीकाकरण (RI) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान दैनिक गतिविधियों का फीडबैक लिया जाएगा। प्रखंड स्तर पर इसकी समीक्षा प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा जिला स्तर पर जिलाधिकारी स्वयं करेंगे।

परिवार नियोजन कार्यक्रम में लक्ष्य से कम उपलब्धि, सुधार के निर्देश

पुरुष नसबंदी एवं महिला बंध्याकरण की उपलब्धि अत्यंत कम पाई गई। जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि चल रहे पखवाड़े में अधिकतम प्राप्ति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए।

बैठक में मुख्य अधिकारियों एवं विकास साझेदारों की उपस्थिति

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. उमेश प्रसाद सिंह, एसीएमओ, डीपीएम, एमओआईसी सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही WHO, PSI इंडिया, यूनिसेफ, PFI और पिरामल के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।