लैंगिक समानता और सुरक्षा के संकल्प के साथ नई चेतना अभियान 4.0 शुरू

  • Post By Admin on Dec 02 2025
लैंगिक समानता और सुरक्षा के संकल्प के साथ नई चेतना अभियान 4.0 शुरू

लखीसराय : जिले में ग्रामीण महिलाओं के सम्मानजनक जीवन, आर्थिक सहभागिता और सामाजिक समानता को सशक्त करने के उद्देश्य से नई चेतना अभियान 4.0 – एक पहल बदलाव की ओर जिले के सभी प्रखंडों में पूरी सक्रियता के साथ चल रहा है।

यह चार-सप्ताहीय अभियान 25 नवंबर 2025 से शुरू होकर 23 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगा। महिलाओं के आर्थिक अवसरों, सुरक्षा, गतिशीलता और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ यह संदेश प्रसारित किया जा रहा है कि महिलाओं की समान भागीदारी ही समावेशी और विकसित समाज की नींव है

संकुल स्तरीय संघों और दीदी अधिकार केंद्रों की सक्रिय भूमिका

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास विभाग, भारत सरकार के सहयोग से लखीसराय में गठित 17 संकुल स्तरीय संघ और विभिन्न दीदी अधिकार केंद्र महिलाओं की आवाज़ को बुलंद करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इन माध्यमों से महिलाएँ अपने अधिकारों, योजनाओं और संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर अपने सशक्तिकरण को गति दे रही हैं।

सामुदायिक संगठनों से जुड़ी जीविका दीदियाँ समाज में व्याप्त लिंग आधारित हिंसा को रोकने का संकल्प ले रही हैं। इसके तहत पूरे जिले में रैली, प्रभात फेरी, कैंडल मार्च, हस्ताक्षर अभियान और संकल्प सभा जैसी गतिविधियाँ लगातार आयोजित की जा रही हैं। अभियान के मुख्य तीन विषय—

  • घरेलू हिंसा,

  • बाल लिंगानुपात,

  • बाल विवाह उन्मूलन—
    पर विशेष बल दिया जा रहा है।

अभियान की पृष्ठभूमि

“नई चेतना – एक पहल बदलाव की ओर” कार्यक्रम की शुरुआत 25 नवंबर 2022 को देशव्यापी स्तर पर हुई थी। वर्ष 2023 में इसका दूसरा संस्करण, 2024 में तीसरा संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी अभियान के केंद्र में घरेलू हिंसा, बाल लिंगानुपात और बाल विवाह उन्मूलन के मुद्दे ही रखे गए हैं।

महिला सशक्तिकरण व सुरक्षा पर विशेष जोर

जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका–लखीसराय श्रीमती अनिता कुमारी ने बताया कि अभियान में दीदी अधिकार केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हलसी, सूर्यगढ़ा, लखीसराय सदर, रामगढ़ और चानन में संचालित ये केंद्र महिलाओं के अधिकार एवं सुरक्षा से संबंधित मामलों में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

अभियान के प्रथम सप्ताह में महिलाओं की आर्थिक भूमिका और दृष्टिकोण परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जबकि दूसरे सप्ताह में संसाधनों तक महिलाओं की समान पहुँच सुनिश्चित करने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रणनीति और आगामी विशेष अभियान

नई चेतना अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जीविका से जुड़े 11 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों और 581 ग्राम संगठनों की बैठकों में रणनीति तैयार की गई है।

यह अभियान 23 दिसंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस के अवसर पर सम्पन्न होगा। इसके तुरंत बाद 24 दिसंबर 2025 से एक माह तक बाल विवाह पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।