लखीसराय : बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन के उपरांत शनिवार को संग्रहालय, लखीसराय में डी-ब्रीफिंग सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, लखीसराय मिथिलेश मिश्र ने की।

इस अवसर पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार एवं सभी संबंधित वरीय नोडल/नोडल पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

डी-ब्रीफिंग सत्र के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। निर्वाचन के दौरान अपनाई गई रणनीतियों, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, शांतिपूर्ण मतदान, मतदाता सहभागिता, तकनीकी नवाचारों एवं प्रशासनिक समन्वय पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपयोगी सुझाव साझा किए गए।

कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चर्चित फिल्म “न्यूटन” का प्रदर्शन भी किया गया। फिल्म के माध्यम से निष्पक्ष निर्वाचन, मतदान के महत्व एवं चुनाव कर्मियों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे सभी को प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के दौरान उत्कृष्ट, निष्ठापूर्ण एवं अनुकरणीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके समर्पण, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही जिले में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल एवं प्रशासनिक टीम के समन्वित प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।