कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर की 68वीं पुण्यतिथि पर की श्रद्धांजलि अर्पित
- Post By Admin on Dec 07 2024

मुजफ्फरपुर : भारत के संविधान निर्माता और प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर की 68वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को तिलक मैदान स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने की। जिन्होंने डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए उन्हें भारत के संविधान का जनक और देश के प्रमुख निर्माताओं में से एक बताया। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल एक महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और राजनीतिज्ञ थे, बल्कि वे एक लेखक और समाज सुधारक भी थे।
जिन्होंने भारतीय समाज में व्याप्त जातिवाद और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। उनका योगदान आज भी भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों को समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रेरणास्त्रोत बना हुआ है।
कांग्रेस जिलाप्रवक्ता समीर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने न केवल दलितों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई, बल्कि श्रमिकों, किसानों और महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को समानता का अधिकार देने के लिए संघर्ष किया। जिससे समाज में एक नई जागरूकता और समानता की शुरुआत हुई।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पं. मधुसूदन झा, डॉ. शंभू राम, महेन्द्र श्रीवास्तव, सुरेश चन्द्रवंशी, सविता श्रीवास्तव, प्रभात चन्द्र, मोहम्मद शादिक अली, चंद्रशेखर प्रसाद सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।