कांग्रेस ने सोनिया गांधी का 78वां जन्मदिन केक काटकर मनाया

  • Post By Admin on Dec 10 2024
 कांग्रेस ने सोनिया गांधी का 78वां जन्मदिन केक काटकर मनाया

मुजफ्फरपुर : कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी के 78वें जन्मदिवस पर बीते सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक मैदान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल और पार्टी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर सोनिया गांधी के योगदान को सराहा और उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया। 

इस मौके पर अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि सोनिया गांधी ने कांग्रेस के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। उन्होंने फोर्ब्स सूची में कई बार ‘विश्व की सबसे सशक्त महिला’ के रूप में अपनी जगह बनाई। वे कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रहीं और उनके नेतृत्व में पार्टी ने कई ऐतिहासिक जीतें हासिल की।

कार्यक्रम में नगर विधायक विजेंद्र चौधरी ने भी सोनिया गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण ही 2004 और 2009 में कांग्रेस ने केंद्र में सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की भूमिका भारतीय राजनीति में महत्वपूर्ण रही है और उनकी दूरदृष्टि ने पार्टी को कई संकटों से उबारा है।

जिलाप्रवक्ता समीर कुमार ने 2004 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए बताया कि जब भाजपा ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल को लेकर सवाल उठाए थे, तब भाजपा के ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने यह कहते हुए इसका जवाब दिया था कि सोनिया गांधी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पत्नी और हमारे देश की बहु हैं और उनमें भारतीय संस्कार हैं। यह बयान भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ था।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिनमें कुणाल सहाय, आनंद कुमार, मोहित, सविता श्रीवास्तव, मोजक्कीर रहमान, गोपाल मिश्रा, जावेद खान, रिशु कुमार, आनंद कुमार, शहजाद अहमद, श्याम सुंदर जयसवाल आदि शामिल थे। इस आयोजन ने सोनिया गांधी के नेतृत्व और उनके योगदान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और एकजुटता का संचार किया।