बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन कृष्ण कुमार ने बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान से की मुलाकात

  • Post By Admin on Oct 03 2025
बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन कृष्ण कुमार ने बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान से की मुलाकात

पटना : बिहार की शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में ग्रुप के चेयरमैन कृष्ण कुमार ने शुक्रवार को राजभवन पहुंचकर बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राज्य की शिक्षा व्यवस्था, उसके सुधार और भविष्य की चुनौतियों पर लंबी व गंभीर चर्चा हुई।

कृष्ण कुमार ने राज्यपाल को अवगत कराया कि बिहार जैसे बड़े राज्य में शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियाँ बहुत व्यापक हैं। आज भी ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच गहरी खाई देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक की पूरी प्रणाली में एक ठोस सुधार की ज़रूरत है, ताकि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन ने राज्यपाल से आग्रह किया कि सरकार को शिक्षा क्षेत्र में नीति निर्माण से आगे बढ़कर कार्यान्वयन पर ज़ोर देना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षक-छात्र अनुपात में सुधार नहीं होगा और विद्यालयों में आधुनिक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे, तब तक शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव संभव नहीं है। कृष्ण कुमार ने विशेष रूप से यह सुझाव दिया कि बिहार को डिजिटल एजुकेशन मॉडल को अपनाने में तेजी दिखानी चाहिए। आज के दौर में तकनीक आधारित शिक्षा न केवल बच्चों के ज्ञान को व्यापक बनाती है बल्कि उन्हें प्रतिस्पर्धी माहौल के लिए भी तैयार करती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि राज्य सरकार चाहें तो निजी शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी तंत्र के बीच साझेदारी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) के माध्यम से शिक्षा सुधार की एक मजबूत पहल की जा सकती है।

राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान ने भी इस चर्चा को गंभीरता से सुना और बिहार में शिक्षा सुधार को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य की प्रगति की रीढ़ होती है और बिहार जैसे ऐतिहासिक और ज्ञानपरंपरा वाले राज्य के लिए यह विशेष महत्व रखती है। राज्यपाल ने भरोसा दिलाया कि सरकार और शैक्षणिक संस्थान मिलकर शिक्षा व्यवस्था को मज़बूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएँगे। बैठक के बाद चेयरमैन कृष्ण कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स हमेशा से शिक्षा सुधार के पक्ष में मुखर रहा है। उनका मानना है कि अगर बिहार में शिक्षा व्यवस्था मज़बूत होगी, तो न सिर्फ राज्य का सामाजिक और आर्थिक ढांचा सुदृढ़ होगा बल्कि लाखों छात्रों का भविष्य भी उज्ज्वल बनेगा। उन्होंने कहा कि ग्रुप आने वाले समय में बेहतर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय की स्थापना भी करेगा ताकि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में योगदान किया जा सके ।

ज्ञात हो कि बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स ने हाल के वर्षों में बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में कई नवाचार किए हैं। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग और गतिविधि आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यही अनुभव राज्यपाल के साथ साझा करते हुए कृष्ण कुमार ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बिहार की शिक्षा प्रणाली पूरे देश के लिए एक आदर्श बन सकती है ।