गोदावरी नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, दो महिलाओं की मौत

  • Post By Admin on Jun 11 2026
गोदावरी नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, दो महिलाओं की मौत

बीड : महाराष्ट्र के बीड जिले के पुरुषोत्तमपुरी क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब गोदावरी नदी में करीब 50 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक नाव अचानक पलट गई। हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिक मास यात्रा के दौरान श्रद्धालु देश के एकमात्र भगवान पुरुषोत्तम मंदिर में दर्शन के लिए नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि नाव में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।नाव पलटते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशासन के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान बुलढाणा जिले के लोणार निवासी 55 वर्षीय प्रमिला शेषराव राठोड तथा 70 वर्षीय प्रयागाबाई ज्ञानदेव डोके के रूप में हुई है। वहीं, वाशिम जिले के महागांव निवासी 75 वर्षीय सिंधूबाई अर्जुन मवाळ गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। वहीं स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और यात्रियों की संख्या नियंत्रित रहती, तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की बात कही है।